गौरिहार,राघवेन्द्र रिछारिया। जिले के थाना गौरिहार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कितपुरा में एक गंभीर घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अवैध हथियार का धौंस दिखाकर फरियादी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की तथा उन्हें धमकाया था। इस संबंध में थाना गौरिहार में भारतीय न्याय संहिता एवं आयुध अधिनियम की समुचित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी पुलिस द्वारा विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही थी।


कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना गौरिहार पुलिस टीम ने ग्राम कितपुरा में छापेमारी करते हुए आरोपी बुद्ध सिंह राजपूत पुत्र राम आसरे राजपूत, निवासी ग्राम कितपुरा, थाना गौरिहार को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार देशी कट्टा एवं कुल्हाड़ी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को जब्त कर लिया है।


उक्त आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी गौरिहार रूपनारायण पटैरिया, उप निरीक्षक सुरेंद्र मरकाम, सउनि राजकुमार शुक्ला, प्रधान आरक्षक बाबूलाल, आरक्षक महेंद्र सचान, अखिलेश मिश्रा, शेरा सिंह, विकास सिंह एवं पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।