Sunday, March 1, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशदमोहमासूम की हत्या के बाद नोहटा में उबाल: पुलिस की सुस्ती या लापरवाही? जनता ने घेरा थाना

मासूम की हत्या के बाद नोहटा में उबाल: पुलिस की सुस्ती या लापरवाही? जनता ने घेरा थाना

Post Media
News Logo
PeptechTime
1 मार्च 2026, 10:24 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

दमोह,राजेन्द्र तिवारी । जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलुआ पट्टी गांव में 5 वर्षीय मासूम की हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस द्वारा एक युवक को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से अभी औपचारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।


घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, कुलुआ पट्टी गांव निवासी 5 वर्षीय महेंद्र (बदला हुआ नाम) पर गांव के ही एक युवक ने हमला किया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन तत्काल बच्चे को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि किन परिस्थितियों में उनके बच्चे के साथ यह घटना हुई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रुत कीर्ति सोमवंशी (पुलिस अधीक्षक) और सुजीत सिंह भदोरिया (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) के मार्गदर्शन में एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी जबेरा विकास सिंह चौहान, चौकी प्रभारी मनीष यादव तथा थाना प्रभारी नोहटा अभिषेक पटेल शामिल रहे।


ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर बांदकपुर क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां आरोपी सतीश (उम्र लगभग 20–25 वर्ष) को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता

उल्लेखनीय है कि नोहटा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में यह दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 9 वर्षीय बच्ची से जुड़ा मामला अभी जांच के दायरे में है। अब 5 वर्षीय मासूम की हत्या ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाएं नोहटा थाना की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।


पुलिस का पक्ष

इस संबंध में थाना प्रभारी अभिषेक पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि वे उस समय जबलपुर में थे और कॉल कट जाने के कारण विस्तृत बातचीत नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)