अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीन। अजयगढ़ में हुए दर्दनाक कुआं हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हादसे में पांच मजदूरों की मौत के विरोध में बुधवार को पीड़ित परिवारों और स्थानीय लोगों ने अजयगढ़ के माधवगंज चौराहे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पीड़ित परिवार के सदस्य शामिल रहे।


प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषी अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। साथ ही मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन की लापरवाही के कारण पांच मजदूरों की जान गई है, इसलिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होना चाहिए।


चक्का जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई। मौके पर मौजूद महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।


गौरतलब है कि अजयगढ़ में बुधवार को कुएं में जहरीली गैस और दम घुटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को संभालने में जुटे रहे।