नर्मदापुरम। जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरकोला में शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब गांव के ही बाप-बेटे ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया। घटना में दूल्हे के मामा दौलतराम कीर की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल जय नारायण कीर ने भोपाल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं आरक्षक समेत 6 लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार को भगवान कीर की बारात जानी थी। रविवार रात घर पर मंडप का कार्यक्रम और भोजन चल रहा था। इसी दौरान रिश्तेदार अमर सिंह कीर को खाना खाने के लिए कहा गया, जिस पर वह नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। पहले विवाद हुआ, बाद में परिजन उसे समझाकर घर भेज आए, लेकिन कुछ देर बाद वह बेटे लोकेश के साथ तलवार और चाकू लेकर लौट आया।
परिवार की महिलाओं ने विवाद टालने के लिए पुरुषों को कमरे में बंद कर दिया था, लेकिन आरोपियों ने बाहर खड़ी महिला क्षमा बाई पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पुरुष खिड़की तोड़कर बाहर निकले तो आरोपियों ने जो सामने आया, उस पर हमला कर दिया। हमले में हरिनारायण, रोहित, क्षमा बाई सहित कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। इसी दौरान मुख्य आरोपी लोकेश कीर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी उसने हमला कर दिया। आरोपी ने आरक्षक ओमप्रकाश जाट पर चाकू से 9 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भोपाल रेफर किया गया है।
पुलिस ने आरोपी अमर सिंह कीर को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी लोकेश अभी फरार है। उसकी तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस के मुताबिक लोकेश पर पहले से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी के मामले दर्ज हैं। मामले में हत्या, जानलेवा हमला और शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।




