भिंड,अक्षय जोशी । भिंड जिले के लहार में सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा के ही विधायक अंबरीश शर्मा ‘गुड्डू’ अपनी ही सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं। विधायक अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर डटे हुए हैं, जहां सैकड़ों लोग उनके समर्थन में जुटे हैं।


लहार क्षेत्र के भाजपा विधायक अंबरीश शर्मा ने कई मुद्दों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। उनका आरोप है कि जिला प्रशासन, खासकर कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना, मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है।


विधायक ने पूर्व विधायक डॉ. गोविंद सिंह पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि अनुसूचित जाति के आम रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है, जिस पर प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा।


इसके अलावा लहार क्षेत्र की रेत खदानों के बंद होने और बिजली विभाग के मनमाने रवैये को लेकर भी विधायक नाराज हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर वे धरने पर बैठ गए हैं और प्रशासन के खिलाफ खुलकर विरोध जता रहे हैं।


धरना स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद हैं और विधायक के समर्थन में नारेबाजी भी की जा रही है। फिलहाल विधायक का धरना जारी है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि यह मामला आगे क्या मोड़ लेता है।