इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। दोस्तों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दो युवकों ने अपने ही साथी हेमू जाट पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हेमू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह हेमू जाट अपने दो दोस्तों के साथ सिद्धार्थ नगर में शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों आरोपियों ने हेमू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हेमू को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच किसी प्रकार की पुरानी रंजिश नहीं थी। पुलिस का मानना है कि शराब के नशे में हुए अचानक विवाद के कारण यह घटना हुई। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।