इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर की द्वारकापुरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 265 ग्राम ब्राउन शुगर, करीब 8 किलोग्राम गांजा, 19 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार 22 जून को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपी लकी नाथ से पूछताछ के दौरान चेतन नाथ का नाम सामने आया था। इसके बाद द्वारकापुरी थाना पुलिस ने घेराबंदी कर राजवाड़ा क्षेत्र से मुख्य आरोपी चेतन नाथ को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ लाखों रुपये की नकदी और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।
जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन नाथ लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी राजेंद्र नगर थाना और धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों में भी फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि बरामद 22 जिंदा कारतूसों के संबंध में जांच की जा रही है। फिलहाल कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थों की खेप कहां से लाई जाती थी, किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक लेनदेन का नेटवर्क कितना बड़ा है।
द्वारकापुरी पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

