भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र की जांच को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। भोपाल स्थित कार्यालय, आयुक्त, अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा इस संबंध में एक आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है। विभाग द्वारा जारी पत्र (क्रमांक/अनुसंधान/न.क्र.299/2026-27/1194) के तहत राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी को आगामी 6 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे वल्लभ भवन स्थित मंत्रालय ब्लॉक-01 के कक्ष क्रमांक-312 में आयोजित राज्य स्तरीय अनुसूचित जाति छानबीन समिति की बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। यह नोटिस सतना कलेक्टर के माध्यम से भेजा गया है।

विभाग द्वारा जारी इस आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अनुसूचित जाति वर्ग के संदेहास्पद जाति प्रमाण-पत्रों की जांच हेतु गठित उच्च स्तरीय छानबीन समिति इस मामले की समीक्षा करेगी। नोटिस के माध्यम से राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी से वर्ष 1950 की स्थिति में जिला सतना, मध्य प्रदेश के निवासी होने तथा 'बागरी' अनुसूचित जाति का सदस्य होना प्रमाणित करने संबंधी आवश्यक साक्ष्यों और अभिलेखों सहित निर्धारित समय पर समिति के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है।

इसके साथ ही विभाग ने इस बैठक की सूचना संबंधी पत्र जिला कलेक्टर सतना और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग सतना को तामील कराने हेतु भेजा है। इस मामले में शिकायतकर्ता श्री प्रदीप अहिरवार (निवासी गोविंद गार्डन, भोपाल) को भी बैठक में शिकायत के संबंध में साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने हेतु प्रतिलिपि जारी कर सूचित किया गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया के तहत इस संबंध में आम सूचना भी जारी की जाएगी ताकि यदि कोई अन्य व्यक्ति इस क्लेम का विरोध करना चाहे तो वह भी अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सके।