मुरैना में भाजपा नेता की कार ने अलाव ताप रहे 5 लोगों को कुचला, 2 की मौत

दोनों मृतक
Advertisement
मुरैना। पोरसा में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। भाजपा नेता की तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर अलाव ताप रहे पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की ग्वालियर अस्पताल में मौत हो गई। शनिवार को गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। रामदत्त राठौर (65) और 11 साल का अर्णव उर्फ अन्नू लक्षकार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ग्वालियर रेफर किया गया, जहां देर रात दोनों ने दम तोड़ दिया। कमलेश राठौर, गिर्राज राठौर और अभिषेक तोमर भी घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है।
शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव पोरसा लाए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार होगा। हादसे के बाद लोगों ने आरोपी भाजपा नेता को पकड़ लिया और जमकर पीटा। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन कुछ ही देर में आरोपी हिरासत से भाग निकला।
इस पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। करीब 500 से ज्यादा लोग नेशनल हाईवे पर जुट गए और चक्काजाम कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोपी को जानबूझकर भगाने का आरोप लगाया। जाम करीब 20 मिनट चला। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। इलाके में तनाव है। लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।
