बालाघाट, रितेश सोनी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे। उन्होंने बैहर विधानसभा क्षेत्र के दक्षिण बैहर के आदिवासी बैगा बहुल गांवों में पिछले तीन महीनों में 33 से अधिक बैगा बच्चों की मौत का मामला उठाते हुए भाजपा की मोहन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
पटवारी ने कहा कि आदिवासी अंचलों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल और गर्भवती महिलाओं व बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार को बच्चों की मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में पटवारी ने चावल घोटाले, छिंदवाड़ा के कफ सिरप कांड और सागर जहरीली शराब कांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने धान की 3100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदी के वादे से सरकार के पीछे हटने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बैगा बच्चों की मौत सामान्य घटना नहीं, बल्कि सरकार की व्यवस्थागत विफलता का परिणाम है।
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने पटवारी से बैहर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से कांग्रेस के विधायक संजय उइके होने और बच्चों की मौतों के मामले में उनकी भूमिका को लेकर सवाल किया। हालांकि, पटवारी ने सवाल का जवाब नहीं दिया और पत्रकारों के सवालों को अनसुना करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस से उठकर चले गए।
इसके बाद पटवारी ने आम्बेडकर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जनसभा को संबोधित किया। सभा के समापन के बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बैगा बच्चों की मौतों के मामले में कार्रवाई और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।




