सिंगरौली (वैढ़न)। सिंगरौली के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी मनीष खत्री के अनुसार, बिहार पुलिस की मदद से औरंगाबाद से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, वहीं एक अन्य आरोपी के झारखंड में छिपे होने की खबर है। पुलिस ने आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इधर, शनिवार को जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके और डीजीपी कैलाश मकवाना सिंगरौली पहुंचे हैं, जहाँ वे सुरक्षा व्यवस्था और जांच की समीक्षा कर रहे हैं।


चश्मदीदों की दास्तां: "खांसने पर भी गोली मारने की धमकी दी"

वारदात के समय बैंक में मौजूद चश्मदीद विनोद कुमार और अन्य ग्राहकों ने उस खौफनाक मंजर को बयां किया। विनोद के मुताबिक, दोपहर 12:50 बजे पहले दो युवक आए और फिर तीन और साथी अंदर घुस गए।

हथियारों का जखीरा: बदमाशों के पास तीन पिस्टल और दो कट्टे थे। उन्होंने घुसते ही हवाई फायर किया और ग्राहकों को दीवार की तरफ सिर झुकाकर बैठने को कहा।

खौफ का आलम: लुटेरों ने ग्राहकों को डराया कि "अगर कोई खांसा भी तो गोली मार देंगे।" मोबाइल फोन एक जगह जमा करवा लिए गए। जब विनोद ने भागने की कोशिश की, तो उनके सिर पर पिस्टल की बट से वार किया गया।


मैनेजर को थप्पड़ मारा और परिवार की धमकी दी

बदमाशों को बैंक मैनेजर के बारे में पूरी जानकारी थी। एक लुटेरे ने महिला मैनेजर के चैंबर में घुसकर उनकी कनपटी पर कट्टा अड़ाया। मैनेजर ने जब चाबियां देने से मना किया, तो बदमाश ने उन्हें थप्पड़ मारा और कहा— "तुम छत्तीसगढ़ की हो, तुम्हारा घर मुझे पता है। वहीं आकर गोली मारूंगा।" खौफजदा मैनेजर ने पांच चाबियों का गुच्छा थमा दिया।


गोल्ड लॉकर की थी सटीक जानकारी

बदमाशों की प्लानिंग इतनी पुख्ता थी कि उन्हें पता था कि आम ग्राहकों के लॉकर के बजाय 'गोल्ड लोन' वाले लॉकर कौन से हैं।

लुटेरों ने कुल पांच लॉकर खोले। एक-एक पेटी में करीब ढाई-ढाई किलो सोना रखा था।

बदमाशों ने अपने पिट्ठू बैग से कपड़े के झोले निकाले और उनमें सोने के जेवर और कैश भर लिया।

जाते समय वे सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) निकालकर ले जाने वाले थे, लेकिन हड़बड़ाहट में उसे बैंक में ही भूल गए, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है।


बिहारी टोन में बात और छत्तीसगढ़ की ओर फरार

चश्मदीदों के अनुसार, सभी बदमाश दुबले-पतले थे और आपस में 'बिहारी टोन' में बात कर रहे थे। गिरोह का सरगना छोटे कद का था जिसने हेलमेट पहन रखा था और वही सबको निर्देश दे रहा था। वारदात के बाद आरोपी दो अपाचे बाइक (नीली और सफेद) से छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की ओर भागे। भागते समय मस्जिद तिराहे पर एक बदमाश का कट्टा भी गिर गया जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।


बैंक के बाहर उमड़े बिलखते लोग

लूट की खबर मिलते ही बैंक के बाहर उन लोगों की भीड़ लग गई जिन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई (सोना) गिरवी रखकर लोन लिया था। बुजुर्ग गायत्री तिवारी और सुनीता जैसे कई ग्राहकों की आंखों में आंसू थे। हालांकि, बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों के निजी लॉकर सुरक्षित हैं, बदमाशों ने केवल बैंक के 'गोल्ड लोन' वाले लॉकर्स को निशाना बनाया है।


पुलिसिया कार्रवाई जारी: सिंगरौली पुलिस की एक टीम बिहार रवाना हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाशों के चेहरे साफ नजर आए हैं, जिनके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।