इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में नशे के कारोबार पर प्रहार किया है। पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये कीमत की अवैध MD ड्रग के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी शहर में नशे के आदी लोगों को यह मादक पदार्थ बेचने की फिराक में था।
दरअसल, इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पत्थर गोदाम रोड स्थित पशु चिकित्सालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पिट्ठू बैग लेकर खड़ा है और किसी को ड्रग सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को देखा, वह घबराकर इधर-उधर देखने लगा और वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तत्काल उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम मो. नूरुद्दीन, निवासी सदर बाजार इंदौर बताया।
पुलिस ने जब उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसमें से एक पारदर्शी पन्नी बरामद हुई। पन्नी के अंदर 57.73 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD ड्रग पाई गई। बरामद ड्रग की बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से सस्ते दामों में मादक पदार्थ खरीदता था और फिर उसे इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह ड्रग कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क की जांच जारी है ताकि शहर में फैल रहे नशे के कारोबार पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।
राजेश त्रिपाठी, डीसीपी क्राइम
“क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से MD ड्रग बरामद हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क को ट्रेस किया जा रहा है।”


