भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को एक अलग ही अंदाज़ में नज़र आए। राजधानी भोपाल के एक निजी कैफे में मुख्यमंत्री बिना किसी तामझाम और भारी सुरक्षा प्रोटोकॉल के एक आम नागरिक की तरह पहुँच गए। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर वहाँ मौजूद लोग और युवा हैरान रह गए। डॉ. यादव ने यहाँ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना और उसके बाद चाय की चुस्कियों के साथ युवाओं से अनौपचारिक चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास, युवा सशक्तिकरण और वर्तमान सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार साझा किए।


चर्चा के दौरान एक युवती ने महिला आरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने बहुत ही सार्थक और स्पष्ट जवाब दिया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार और सम्मान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री के इस जवाब की वहाँ मौजूद युवाओं ने जमकर सराहना की। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री पूरी तरह औपचारिकताओं से मुक्त दिखे और उन्होंने युवाओं की आकांक्षाओं को गंभीरता से सुना।


कैफे में मौजूद छोटे बच्चों के साथ भी मुख्यमंत्री ने काफी समय बिताया। बच्चों के आग्रह पर उन्होंने उनके साथ बैठकर पेंटिंग की और उनकी मासूमियत व रचनात्मकता की तारीफ की। बच्चों के साथ ड्राइंग करते हुए मुख्यमंत्री के चेहरे पर भी सहज मुस्कान तैर गई। बिना किसी सुरक्षा घेरे और औपचारिक प्रोटोकॉल के मुख्यमंत्री का यह सादगी भरा अंदाज़ आम नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने मुख्यमंत्री के इस सहज संवाद की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रनिधियों का जनता से ऐसा सीधा जुड़ाव लोकतंत्र को और अधिक मजबूती प्रदान करता है।