भिंड, अक्षय जोशी। भिंड देहात पुलिस ने डंपर चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए राजस्थान के भिवाड़ी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 19 दिनों तक लगातार मेहनत कर 800 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, जिसके बाद चोरी के मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए करीब 70 लाख रुपए कीमत के डंपर को महज 8 लाख रुपए में बेच दिया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को डंपर के साथ चल रही एक काली कार के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला। CCTV फुटेज की मदद से पुलिस टीम ने काली कार की गतिविधियों को ट्रेस किया और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के भिवाड़ी में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथी चोरी किए गए डंपरों के इंजन नंबर बदलकर उन्हें दूसरी जगह बेचते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। मामले में गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस से बचने के लिए गिरफ्तार आरोपी ने अपनी हेयर स्टाइल तक बदल ली थी, लेकिन पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया।
डंपर बरामद होने के बाद फरियादी अमन तोमर ने थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह कुशवाहा और पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने डंपर वापस मिलने पर खुशी व्यक्त की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।




