छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए छतरपुर जिले के नौगांव शहर में केनरा बैंक के सहयोग से सोमवार सुबह नगर के राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सुबह मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के लिए स्टेडियम आने वाले लोगों ने इस शिविर का भरपूर लाभ उठाया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।


स्टेडियम परिसर में आयोजित इस शिविर में आने वाले नागरिकों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की गईं। जांच के साथ-साथ डॉक्टरों द्वारा उपस्थित लोगों को चिकित्सकीय सलाह और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। नगरवासियों ने केनरा बैंक की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में इस स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बैंक केवल वित्तीय सेवाओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। बैंक की हमेशा यही मंशा रहती है कि प्रत्येक नागरिक स्वस्थ, जागरूक और खुशहाल जीवन जी सके।