अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अगले माह होने वाले टी20 विश्वकप 2026 के भारत में खेले जाने वाले मैचों की कवरेज के लिए बांग्लादेशी मीडिया को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके चलते अब बांग्लादेश के पत्रकार भारत आकर विश्वकप के मैचों की रिपोर्टिंग नहीं कर सकेंगे।
आईसीसी के अनुसार, बांग्लादेशी पत्रकारों द्वारा भारत में होने वाले मैचों को कवर करने के लिए भेजे गए वीजा और एक्रेडिटेशन के सभी आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। एक रिपोर्ट में आईसीसी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि बांग्लादेश सरकार और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत नहीं भेजने की बात कही है। इसी आधार पर पत्रकारों को भी अनुमति नहीं दी गई।
आईसीसी का कहना है कि जब बांग्लादेश सरकार भारत को अपनी टीम के लिए सुरक्षित नहीं मानती, तो ऐसे में वहां के पत्रकारों को कवरेज के लिए प्रवेश की अनुमति देना व्यावहारिक नहीं है। टी20 विश्वकप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में संयुक्त रूप से 7 फरवरी से 6 मार्च तक किया जाएगा।
उधर, बांग्लादेशी मीडिया से जुड़े पत्रकारों का कहना है कि शुरुआत में 20 और 21 जनवरी को उन्हें आवेदन स्वीकृत होने से संबंधित ईमेल मिले थे, लेकिन बाद में इन्हें रद्द कर दिया गया। बांग्लादेशी मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन के मुताबिक, इस बार करीब 130 से 150 पत्रकारों ने एक्रेडिटेशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन किसी को भी मंजूरी नहीं दी गई।
एक वरिष्ठ बांग्लादेशी पत्रकार ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भले ही बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा न ले रही हो, लेकिन आईसीसी के नियमों के तहत एसोसिएट और सदस्य देशों के पत्रकारों को एक्रेडिटेशन मिल सकता है। ऐसे में सभी आवेदनों को रद्द किया जाना हैरान करने वाला है और इस निर्णय की कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

