छतरपुर, रोहित पाठक। सावन के पावन महीने में देशभर से श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ और बागेश्वर धाम के दर्शन के लिए पदयात्रा कर रहे हैं। इसी क्रम में विदिशा से बागेश्वर धाम की पदयात्रा कर रहे एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के बीच उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब धाम से करीब तीन किलोमीटर पहले अचानक बागेश्वर सरकार स्वयं उनके बीच पहुंच गए।


बताया गया कि जापान यात्रा पूरी करने के बाद बागेश्वर धाम लौट रहे बागेश्वर सरकार की नजर रिमझिम बारिश के बीच पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और सड़क पर ही पदयात्रियों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना।


इस दौरान श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पहले भी कई बार बागेश्वर धाम आ चुके हैं, लेकिन किसी न किसी कारण से उन्हें दर्शन नहीं हो पाए। ऐसे में अपने बीच बागेश्वर सरकार को अचानक देखकर कई श्रद्धालु भावुक हो गए और उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।


बागेश्वर सरकार ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्हें प्रसाद दिया और सुरक्षित एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं देकर रवाना किया। अचानक हुए इस आत्मीय मिलन का वीडियो और तस्वीरें भी श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं।