छतरपुर, रोहित पाठक। विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ हुआ। महोत्सव की शुरुआत बागेश्वर सरकार द्वारा बागेश्वर बालाजी एवं अपने पूज्य गुरु सन्यासी बाबा की समाधि पर पादुका पूजन, आरती एवं आशीर्वाद प्राप्त करने से हुई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बागेश्वर धाम पहुंचे और गुरु पादुका पूजन के साथ बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।


महोत्सव के दौरान बागेश्वर धाम परिसर में प्रेतराज सरकार के वृक्ष के समीप हनुमानजी के अष्टवीरों की तांत्रिक शिला की स्थापना की गई। श्रद्धालुओं के लिए इसके दर्शन भी प्रारंभ कर दिए गए हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार नकारात्मक ऊर्जा अथवा आध्यात्मिक बाधाओं से ग्रसित श्रद्धालुओं को इस शिला के दर्शन से मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा।


गुरु पूर्णिमा के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं पूरे मेले क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

WhatsApp Image 2026-07-29 at 12.26.44 PM



सुबह से ही बागेश्वर धाम में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालु गुरु चरणों में नमन कर गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धाभाव के साथ मना रहे हैं। प्रशासन और धाम प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।