नशे के काले कारोबार पर प्रहार: केमिकल का भारी जखीरा बरामद

Advertisement
मंदसौर, ललित शंकर धाकड़ । मंदसौर जिले की वायडीनगर थाना पुलिस ने अवैध ड्रग्स के निर्माण में उपयोग होने वाले केमिकल का बड़ा जखीरा जब्त किया है। पुलिस ने शहर के गांधीनगर इलाके में किराए के मकान पर कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक के ड्रमों में भरा 1886.6 किलोग्राम केमिकल बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह केमिकल अवैध एमडी ड्रग्स बनाने में काम आता है। आरोपियों की मंशा बड़ी मात्रा में ड्रग्स तैयार करने की थी। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी आरोपी श्रेयांस मोगरा को ड्रग तस्करी के एक मामले में प्रतापगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली सूचना के आधार पर मंदसौर पुलिस ने उसके किराए के मकान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मकान से बड़ी मात्रा में ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त केमिकल बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी श्रेयांस मोगरा के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी राजस्थान की जेल में बंद है, जिसे जल्द ही प्रोटेक्शन वारंट पर मंदसौर लाया जाएगा।
