हटा, सुदीप नगरिया। क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पाठा, मुराछ, वर्धा, निवास, खड़पुरा, पाली सहित करीब 20 गांवों के ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में हिनौता विद्युत सब स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समस्या के समाधान की मांग की।


ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 15 दिनों से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। बार-बार बिजली गुल होने और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों को गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान वर्धा सरपंच धीरज आदिवासी, पाली सरपंच किशोर यादव, निवास सरपंच प्रतिनिधि सावन सिंह, प्रदीप गुप्ता, अभिषेक जैन एवं मंडल अध्यक्ष गोपाल पटैल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा।


मौके पर मौजूद विद्युत विभाग के एई राजेश सहाय ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनते हुए दो दिन के भीतर विद्युत व्यवस्था में सुधार एवं समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। वहीं नायब तहसीलदार राजेश सोनी और थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे तथा स्थिति पर नजर बनाए रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अधिकारियों ने सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।