छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियों के बीच एक सनसनीखेज मारपीट का मामला सामने आया है। भगवा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में 17 वर्षीय नाबालिग युवक सतीश अहिरवार को देर रात घर बुलाकर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पीड़ित सतीश अहिरवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही पांच युवकों ने उसे अंबेडकर जुलूस की तैयारी के नाम पर रात करीब साढ़े तीन बजे घर बुलाया। जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने उसे एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया। इसके बाद युवक को बांधकर लंबे समय तक बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के दौरान उसके मोबाइल फोन को भी तोड़कर छीन लिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को आरोपियों से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


भगवा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मारपीट की घटना की पुष्टि हो गई है और आगे की जांच जारी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।