पन्ना, अमित सिंह राठौर। पन्ना टाइगर रिजर्व अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता के लिए देश-विदेश में अपनी एक अलग पहचान रखता है। यहाँ आने वाले पर्यटकों को अक्सर वन्यजीवों के दीदार का सौभाग्य मिलता है, लेकिन हाल ही में अकोला प्रवेश द्वार से जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों के लिए यह अनुभव बेहद खास और यादगार बन गया।
सफारी के दौरान पर्यटकों के सामने अचानक बाघिन P-652 अपने लगभग पांच महीने के दो नन्हे शावकों के साथ नजर आई। इस रोमांचक नजारे को अपनी आंखों के सामने देखकर तुर्की से आए विदेशी सैलानी पूरी तरह रोमांचित हो उठे। प्रकृति के खुले वातावरण में बाघिन और उसके शावकों की सहज गतिविधियां पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। सैलानियों ने इस दुर्लभ पलों को अपने कैमरों में भी कैद किया।
देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए पसंदीदा गंतव्य
पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों का बढ़ता कुनबा और उनकी लगातार मौजूदगी वन्यजीव प्रेमियों को अपनी ओर खींच रही है। यहां आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक आवास में बाघों के दीदार की बेहतर संभावनाएं मिलती हैं, जिसके चलते देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में सैलानी पन्ना का रुख कर रहे हैं।
बाघिन P-652 और शावकों की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
अकोला गेट से जंगल में प्रवेश करने वाले पर्यटकों के लिए बाघिन P-652 और उसके दोनों छोटे शावकों का दिखना किसी रोमांचक उपहार से कम नहीं था। पांच महीने के नन्हे शावकों की अठखेलियां और उनके साथ मौजूद बाघिन की सुरक्षात्मक मुद्रा ने जंगल सफारी के रोमांच को कई गुना बढ़ा दिया। इस तरह की घटनाएं वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में पन्ना टाइगर रिजर्व की बढ़ती साख और लोकप्रियता को और अधिक मजबूत करती हैं।















