प्रयागराज,रोहित पाठक। संगम नगरी प्रयागराज में त्रिवेणी तट पर स्नान के बाद बागेश्वर धाम के प्रमुख बागेश्वर सरकार ने सनातन एकता का संदेश देते हुए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने स्नान उपरांत लेटे हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन किए और उनके चरणों में भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने की अर्जी अर्पित की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस प्रकार त्रिवेणी संगम में गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों का पवित्र मिलन होता है, उसी तरह सनातन समाज को भी सभी भेदभावों को त्यागकर एकजुट होना चाहिए। उन्होंने जात-पात, भाषा और क्षेत्रवाद जैसी संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर समाज में समरसता और एकता बनाए रखने पर जोर दिया।
बागेश्वर सरकार ने अपने संदेश में कहा कि सनातन धर्म की शक्ति उसकी एकता में ही निहित है और जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बनेगा। उनके इस बयान के बाद धार्मिक और सामाजिक हलकों में इस संदेश की व्यापक चर्चा हो रही है।

