बेंगलुरु, 18 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के साथ हो रही है। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 26 रनों की पारी खेलने के साथ ही खास मुकाम हासिल कर लिया है। टिम डेविड ने आईपीएल में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। डेविड इस लीग में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज एक हजार रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल में एक हजार रन 560 गेंदें खेलकर पूरे किए हैं। वहीं, आईपीएल में सबसे कम गेंदें खेलकर एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम दर्ज है। उन्होंने आईपीएल में एक हजार रन 545 गेंदें खेलकर पूरे किए थे।

टिम डेविड ने इस मामले में ट्रेविस हेड, फिल साल्ट, हेनरिक क्लासन और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। हेड ने आईपीएल में 1,000 रन 575 गेंदें खेलकर पूरे किए थे, जबकि फिल साल्ट ने यह मुकाम 575 गेंदें खेलकर हासिल किया था। वहीं, सहवाग ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक हजार रन 604 गेंदों में पूरे किए थे।

हालांकि, टिम डेविड बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 17 गेंदों का सामना करने के बाद 26 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और एक छक्का लगाया। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत शानदार रही। विराट कोहली और फिल साल्ट की सलामी जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 5.1 ओवर में 52 रन जोड़े। कोहली ने 13 गेंदों का सामना करते हुए 19 रन बनाए। वहीं, साल्ट ने 38 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में साल्ट ने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। देवदत्त पडिक्कल ने 18 रनों का योगदान दिया, तो कप्तान रजत पाटीदार 4 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुए। दोनों टीमों ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।