सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के देलावाड़ी घाट पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। इछावर से भोपाल की ओर खाद्य तेल लेकर जा रहा एक टैंकर घाट के दुर्गम रास्ते में अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटा। इस दर्दनाक हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


अनियंत्रित होकर खाई में गिरा टैंकर, केबिन में फंसा चालक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य तेल से भरा टैंकर इछावर से भोपाल की तरफ जा रहा था। देलावाड़ी घाट के तीखे मोड़ पर अचानक वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टैंकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका 25 वर्षीय चालक केबिन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया।


पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 (FRV-18) और रेहटी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एएसआई ताबिश खान और पायलट कपिल रघुवंशी ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त टैंकर के हिस्से को हटाकर चालक को बाहर निकाला गया और तुरंत डायल-112 वाहन से शासकीय अस्पताल रेहटी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।


मृतक की हुई पहचान, भाऊखेड़ी का रहने वाला था चालक

रेहटी के उप पुलिस अधीक्षक (SDOP) रवि शर्मा ने बताया कि मृतक चालक की पहचान 25 वर्षीय आनंद पिता कृपाल सिंह, निवासी ग्राम भाऊखेड़ी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है।


पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

रेहटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि देलावाड़ी घाट पर टैंकर अनियंत्रित किस वजह से हुआ—यह कोई तकनीकी खराबी थी या मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को खाई से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।