छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र में एक युवक पर कथित रूप से धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं करने और मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया है। फिलहाल घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।


घायल गोलू रैकवार निवासी गढ़ी मलहरा ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे वह अपने एक साथी के साथ था। इसी दौरान आधा दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने पहले उसके सिर पर मछली काटने वाले धारदार हथियार (बका) से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की।


घायल ने हमले के लिए मुन्ना रैकवार, मुल्लू रैकवार, हलकई रैकवार, राहुल रैकवार, छिंगे रैकवार और नीरज रैकवार को जिम्मेदार ठहराया है। उसका कहना है कि घटना के बाद वह गढ़ी मलहरा थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। आरोप है कि समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी नहीं की गई, जिसके चलते अधिक रक्तस्राव होने पर उसके भाई ने निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया।


पीड़ित का यह भी आरोप है कि अस्पताल में पुलिस ने उसके बयान तो दर्ज किए, लेकिन आरोपियों के प्रभाव के चलते उचित धाराओं में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उसका कहना है कि पुलिस मामले को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। घायल ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यदि स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वह जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत करेगा।


हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।