दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में गाली-गलौज के विवाद को लेकर एक युवक के साथ गांव के कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल-112 की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि गांव में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद आरक्षक संदीप दीक्षित एवं पायलट कमल मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद बटियागढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर आरोपियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




