सतना, अंबिका केशरी। भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के हालिया विवादित बयानों के विरोध में महिला कांग्रेस ने गुरुवार को सतना के धवारी चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाजपा तथा कंगना रनौत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद कंगना रनौत लगातार गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक टिप्पणियां कर रही हैं, जिससे महिलाओं की भावनाएं आहत हो रही हैं तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए और किसी भी वर्ग या महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान देने से बचना चाहिए।
महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने मांग की कि कंगना रनौत अपने कथित बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उनका कहना था कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान धवारी चौराहे पर कुछ समय के लिए गहमागहमी का माहौल रहा।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए। पुतला दहन के बाद प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात दोहराई।




