मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान महिलाओं पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में गुरुवार को मैहर में जिला युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए कई कार्यकर्ता शहर की पानी की टंकी पर चढ़ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद सभी प्रदर्शनकारियों को सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया।
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं के साथ कथित रूप से किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग के विरोध में यह सांकेतिक प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है और शांतिपूर्ण विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की। सौरभ शर्मा ने कहा कि प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर किसके आदेश पर बल प्रयोग किया गया, इसका जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए।
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर पानी की टंकी से नीचे उतारा और एहतियात के तौर पर सभी को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई और किसी अप्रिय स्थिति को नहीं होने दिया गया।




