रायगढ़, रोहित तिर्की। धरमजयगढ़ के तुर्रापारा क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में धरमजयगढ़ कॉलोनी निवासी उत्तम दास गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल उत्तम दास को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात हमलावर की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हमले के कारणों का खुलासा हो सकेगा।




