टीकमगढ़/खरगापुर, सोनू विश्वकर्मा। टीकमगढ़ जिले के खरगापुर नगर में दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के घर में घुसकर कट्टा और चाकू की नोक पर धमकाते हुए उसके कानों में पहने सोने के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।


जानकारी के अनुसार, खरगापुर के पलेरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाली रामप्यारी लोधी, पति प्यारे लाल लोधी, घर पर अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने हथियार दिखाकर महिला को डराया-धमकाया और कानों में पहने सोने के आभूषण छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही खरगापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची तथा मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कुछ देर बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर जांच की प्रगति की समीक्षा की।


पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की घटना ने नगरवासियों को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।