भोपाल/छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है। इस सूची में छतरपुर जिले की कमान भी बदल दी गई है। 2015 बैच के IAS अधिकारी मृणाल मीणा को छतरपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे इससे पूर्व बालाघाट जिले के कलेक्टर पद पर पदस्थ थे। वहीं, छतरपुर के निवर्तमान कलेक्टर पार्थ जायसवाल (IAS 2015) का स्थानांतरण कर उन्हें शहडोल जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।


छतरपुर में अब नए विजन के साथ काम करेंगे मृणाल मीणा

बालाघाट कलेक्टर के रूप में अपनी विशिष्ट कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाने वाले मृणाल मीणा अब छतरपुर जिले की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। जिले में कानून व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।


कौन हैं छतरपुर के नए कलेक्टर मृणाल मीणा

मूलतः राजस्थान के रहने वाले मृणाल मीणा 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 174वीं रैंक हासिल की थी। NALSAR यूनिवर्सिटी हैदराबाद से कानून की पढ़ाई करने वाले मृणाल मीणा ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत रीवा जिले में बतौर सहायक कलेक्टर की थी। इसके बाद उन्होंने सबलगढ़ में एसडीएम और नगर निगम कमिश्नर के पदों पर सेवाएं दीं। प्रशासनिक अनुभव को और समृद्ध करते हुए उन्होंने उज्जैन में जिला पंचायत सीईओ तथा सुप्रसिद्ध महाकाल मंदिर प्रशासक की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाली। बालाघाट में बतौर कलेक्टर उनकी पहली पोस्टिंग रही, जहाँ उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष जोर देते हुए उल्लेखनीय कार्य किया है।


स्थानांतरण सूची पर एक नजर:

  • मृणाल मीणा (2015): कलेक्टर, बालाघाट से कलेक्टर, छतरपुर
  • पार्थ जायसवाल (2015): कलेक्टर, छतरपुर से कलेक्टर, शहडोल
  • सुश्री अदिति गर्ग (2015): कलेक्टर, मंदसौर से परियोजना संचालक, म.प्र. स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्लोबल स्किल पार्क, भोपाल
  • सुश्री मिशा सिंह (2016): कलेक्टर, रतलाम से अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल
  • कुमार सत्यम (2017): अपर कलेक्टर, ग्वालियर से कलेक्टर, बालाघाट
  • दिनेश जैन (2011): अपर सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास से आयुक्त एवं संचालक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण
  • गिरीश शर्मा (2011): परियोजना संचालक, स्किल डेवलपमेंट से अपर सचिव, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास
  • अंकित अस्थाना (2014): उप सचिव, औद्योगिक नीति से संचालक, कर्मचारी चयन मंडल (ESB), भोपाल (अतिरिक्त प्रभार)

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नवागत कलेक्टर जल्द ही पदभार ग्रहण करेंगे।

IAS Transfer List 2807