मंदसौर (ललित शंकर धाकड़)/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांदरबल के गुंड (गनीवान) इलाके में 39 तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर नीचे एक मकान पर जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में करीब 30 से अधिक तीर्थयात्री घायल हो गए हैं। घायल श्रद्धालुओं में मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच जिले के सुवाखेड़ा, बड़नगर तथा पड़ोसी राज्य राजस्थान के यात्री शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सीएम को दी जानकारी
हादसे की खबर सामने आते ही मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्यमंत्री को पूरी घटना की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन तथा मंदसौर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में घायल हुए मंदसौर सहित मध्य प्रदेश और राजस्थान के सभी यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। वर्तमान में मंदसौर जिला प्रशासन जम्मू-कश्मीर के स्थानीय अधिकारियों से संपर्क बनाकर घायलों की सूची और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।
सेना, पुलिस व आईटीबीपी ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी की हालत स्थिर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांदरबल में यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस खतरनाक और घुमावदार रास्ते पर अचानक बेकाबू हो गई और संतुलन खोकर सड़क किनारे बने एक मकान पर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, आईटीबीपी (ITBP), सीआरपीएफ (CRPF), भारतीय सेना और स्थानीय नागरिकों ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को तुरंत बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया संज्ञान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से सीधे बातचीत की। उपराज्यपाल ने कहा, "बाबा बर्फानी के दर्शन करके लौट रहे 39 तीर्थयात्रियों का SKIMS (शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) में इलाज चल रहा है। मैंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे घायलों को हर संभव मदद और बेहतरीन मेडिकल देखभाल सुनिश्चित करें। मैं भगवान शिव से सभी घायल श्रद्धालुओं के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूँ।"
28 अगस्त तक चलेगी अमरनाथ यात्रा
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की पवित्र अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 2 जुलाई से हुई थी, जो 28 अगस्त तक यानी कुल 57 दिनों तक जारी रहेगी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पवित्र स्वरूप के दर्शन कर चुके हैं।
अमरनाथ गुफा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जहाँ तक पहुँचने के लिए अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे, लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से यात्रा संचालित की जाती है।





