मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुरुष सीनियर चयन समिति में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा को मुख्य चयनकर्ता (चीफ सिलेक्टर) नियुक्त किया गया है। वे पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर की जगह यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, चयन समिति में खाली हुए स्थान पर पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर और पूर्व महिला टीम कोच रमेश पोवार को शामिल किया गया है। इस पुनर्गठन के बाद पांच सदस्यीय राष्ट्रीय चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा (चेयरमैन), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार शामिल हैं।
प्रज्ञान ओझा का करियर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चटकाए 140 से ज्यादा विकेट
नए चीफ सिलेक्टर बने प्रज्ञान ओझा का अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 113, वनडे में 21 और टी-20 में 10 विकेट अपने नाम किए। टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर 6 विकेट रहा। इसके अलावा 108 प्रथम श्रेणी मैचों में उनके नाम 424 विकेट दर्ज हैं। आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए ओझा ने 92 मैचों में 89 विकेट झटके हैं।
रमेश पोवार की एंट्री: खिलाड़ी से लेकर कोचिंग तक का लंबा अनुभव
समिति में नए सदस्य के रूप में जुड़े रमेश पोवार ने भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमशः 6 और 34 विकेट हासिल किए। नवंबर 2015 में क्रिकेट को अलविदा कहने वाले पोवार कोचिंग के क्षेत्र में भी काफी सक्रिय रहे हैं। वे दो अलग-अलग कार्यकालों (2018 और 2021) में भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा चुके हैं। हालांकि, 2018 टी-20 विश्व कप के दौरान दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज के साथ उनका विवाद काफी सुर्खियों में रहा था, जिसके बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था।
सीएसी ने इंटरव्यू के बाद लगाई नामों पर मुहर
बीसीसीआई के नियमानुसार नए चयनकर्ताओं के चुनाव की प्रक्रिया क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) द्वारा पूरी की गई। इस बार सीएसी पैनल में पूर्व क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। कमेटी ने बीसीसीआई मुख्यालय में आए सभी आवेदनों की गहन स्क्रीनिंग की और उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए। तमाम पहलुओं पर विचार-विमर्श करने के बाद समिति ने रमेश पोवार के चयन की आधिकारिक संस्तुति दी और प्रज्ञान ओझा को चयन समिति के चेयरमैन पद की कमान सौंपी।
















