छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र की पठा चौकी अंतर्गत मिढ़का गांव में 32 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन महिला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवकुश नगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पठा चौकी प्रभारी बीरेंद्र सिंह फरिश्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

पति ने लगाया प्रेम-प्रसंग का आरोप

मृतका के पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पति के मुताबिक, महिला अक्सर उक्त युवक से फोन पर बातचीत करती थी। दो दिन पहले भी उसने पत्नी को युवक से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।


पति का कहना है कि उसने पत्नी को युवक से दोबारा बात नहीं करने की हिदायत देते हुए उसका मोबाइल अपने पास रख लिया था। इसके बाद महिला नाराज हो गई। आरोप है कि इसी विवाद और घरेलू तनाव के बीच महिला ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए

जहरीला पदार्थ खाने के कुछ समय बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवकुश नगर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।