भोपाल। मई के पहले हफ्ते में मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। नौतपे से पहले ही कई इलाकों में बादल, तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। चक्रवाती परिसंचरण के असर से सोमवार को भी कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 34 जिलों में बारिश और 6 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ जिलों में यह 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्मी भी दर्ज की गई। रायसेन में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि खरगोन और खंडवा में भी पारा 42 डिग्री से ऊपर रहा। पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान 37 से 44 डिग्री और पूर्वी हिस्सों में 38 से 41 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।


दूसरी ओर, कई जिलों में बारिश और आंधी का असर भी देखने को मिला। भोपाल, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, जबलपुर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे और धूलभरी आंधी चली। सोमवार को भोपाल, ग्वालियर, रीवा, सतना, सागर, छतरपुर, जबलपुर, बालाघाट समेत कई जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। दतिया, भिंड, रीवा, छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में तेज आंधी का असर ज्यादा रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, आंधी-बारिश और वज्रपात को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।