पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। केन, रूंज और बागे नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जलस्तर बढ़ने से कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है और अजयगढ़ से कालिंजर सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
अजयगढ़-कालिंजर मार्ग पर रूंज नदी में बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। वहीं हरदी और शहपुरा पुल भी पानी में डूब गए हैं। बाढ़ के कारण पुल के दोनों ओर लोगों की आवाजाही रुक गई है और कई लोग फंस गए हैं। इसी दौरान मरीजों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ जा रही दो 108 एंबुलेंस भी हरदी गांव के पास बाढ़ में फंस गईं। एंबुलेंस में रेफर किए गए मरीज बताए जा रहे हैं।
पानी के तेज बहाव के बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर पुल पार करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों और जलमग्न पुलों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।
इधर, केन नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बीरा-चांदला पुल के पास केन नदी का पानी बढ़ने से हालात पर नजर रखी जा रही है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है।
दो दिन स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश को देखते हुए पन्ना कलेक्टर ने कक्षा 1 से हायर सेकेंडरी तक के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है।




