छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित लोधी कुइया क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने से परेशान रहवासियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में वार्डवासी विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और जमकर प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।


प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र का ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे पूरे इलाके में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और छोटे बच्चों तथा बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है।


वार्डवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विभागीय अधिकारियों ने जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।