नई दिल्ली। विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र के प्रमुख नेताओं ने आमजन से नेत्रदान करने का संकल्प लेने और दूसरों को प्रेरित करने की अपील की है। नेताओं ने एक स्वर में नेत्रदान को महादान बताते हुए कहा कि यह किसी नेत्रहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी भर सकता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, "विश्व नेत्रदान दिवस पर आइए संकल्प लें कि नेत्रदान कर किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी और नई उम्मीद का संचार करेंगे। आपके द्वारा किया गया एक छोटा सा संकल्प किसी की अंधेरी दुनिया को उजाला दे सकता है।"

बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जयसवाल ने लिखा, "आपका एक महान संकल्प किसी के जीवन में भर सकता है खुशियों के रंग। आज 'विश्व नेत्रदान दिवस' के इस पावन अवसर पर आइए हम सब मिलकर एक पवित्र संकल्प लें। हमारा एक छोटा सा कदम, एक फॉर्म भरने का निर्णय, किसी नेत्रहीन व्यक्ति के जीवन का सबसे बड़ा वरदान बन सकता है। मृत्यु के पश्चात भी अपनी आँखों को इस दुनिया में जीवित रखने और किसी को नई जिंदगी देने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। आइए, नेत्रदान का संकल्प लें और दूसरों को भी इस महादान के लिए प्रेरित करें।"

बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा ने लिखा, "इतना सुंदर संसार आंखों के बिना निर्रथक है। विश्व नेत्रदान दिवस। आपका एक संकल्प किसी नेत्रहीन व्यक्ति को नेत्रवान बना सकता है।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा, "नेत्रदान महादान है। विश्व नेत्रदान दिवस पर आइए, हम सब संकल्प लें कि अपने नेत्रों से किसी के जीवन को रोशन करेंगे। आपका एक निर्णय किसी की अंधेरी दुनिया में नई रोशनी और नई उम्मीद बन सकता है।"

राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने लिखा, "विश्व नेत्रदान दिवस पर आइए, हम सब संकल्प लें कि अपने नेत्रों से किसी के जीवन को रोशन करेंगे। आपका एक निर्णय किसी की अंधेरी दुनिया में नई रोशनी और नई उम्मीद बन सकता है।"

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने लिखा, "आइए, हम यह पक्का करें कि हमारे बाद दूसरों को भी यह अनुभव हो कि दुनिया कितनी खूबसूरत है। इसके लिए, आइए हम अपनी आंखें दान करने का संकल्प लें और इसके साथ ही दूसरों को भी आंखें दान करने के लिए प्रेरित करें।"