इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के खजराना थाना क्षेत्र में युवकों के बीच मारपीट और चाकू लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो का सत्यापन किया गया, जिसमें घटना खजराना क्षेत्र की ही पाई गई। इस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक फरियादी अंजुमन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पड़ोसी सोनू ने विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने चाकू लहराते हुए जान से मारने का प्रयास भी किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घायल अंजुमन का मेडिकल परीक्षण कराया गया, लेकिन एमएलसी रिपोर्ट में किसी गंभीर या स्पष्ट चोट की पुष्टि नहीं हुई। इसके आधार पर पुलिस ने मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी सोनू फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।




