इंदौर, रविकांत वर्मा। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं जांच के दौरान मारपीट का शिकार हुए एक युवक का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, घटना केसरबाग रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास की है, जहां एक युवक द्वारा दो लोगों के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद अन्नपूर्णा थाना पुलिस सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान की।
जांच में मुख्य आरोपी के रूप में आकाश की पहचान हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध बाउंड ओवर सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मारपीट का शिकार हुए युवकों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि पीड़ितों में शामिल एक युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी सहित करीब छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति का आपराधिक इतिहास होने का अर्थ यह नहीं है कि उसके साथ मारपीट की जाए या कोई स्वयं कानून हाथ में ले।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।




