छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय स्तर पर नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक को लेकर चल रहा राजनीतिक घमासान अब छिंदवाड़ा की सड़कों पर भी खुलकर सामने आ गया है। गुरुवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने का प्रयास किया।
हाथों में तख्तियां लेकर सडकों पर उतरे छात्र, पुलिस से तीखी झड़प
प्रदर्शनकारी छात्र बड़ी संख्या में हाथों में विरोध प्रदर्शन की तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। इस दौरान केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
जैसे ही कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अमले ने उन्हें रोक लिया। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन (जल तोप) का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई, हालांकि कुछ ही देर में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान के बाद अब पीएम मोदी भी दें इस्तीफा: अपेक्षा सूर्यवंशी
NSUI की जिला अध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीट परीक्षा के पेपर लीक ने देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की पेशकश के बाद, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए।
छिंदवाड़ा में हुए इस उग्र प्रदर्शन के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आने वाले दिनों में छात्र संगठनों और विपक्षी दलों द्वारा इस मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन और तेज करने की संभावना जताई जा रही है।




