छतरपुर, संजय अवस्थी । मध्य प्रदेश के महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में परीक्षा फॉर्म भरने की साइट बंद होने से करीब 15 हजार छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। साइट बंद होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से जल्द साइट दोबारा खोलने की मांग की।
वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मांग को खारिज कर दिया है। कुल सचिव यशवंत सिंह पटेल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पहले ही पर्याप्त समय दिया गया था और निर्धारित अवधि के दौरान ही साइट खुली थी। उन्होंने कहा कि अब तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से साइट दोबारा खोलना संभव नहीं है, जिससे छात्रों की चिंता और बढ़ गई है।



