लखनऊ। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के साथ गठबंधन करने का ऐलान किया है। साथ ही उत्तर प्रदेश चुनाव में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया है।

लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम पार्टी और एएसपी पार्टी ने मिलकर, हमारी इनसे काफी दिनों से बातचीत चल रही थी। इसी के तहत हमने एसपीएम (सामाजिक परिवर्तन मोर्चा) बनाया है। हमारी कोशिश यही है कि इस सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के तहत जनाब चंद्रशेखर आजाद साहब को हमने अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह शिक्षा को बर्बाद किया जा रहा है, यहां के नौजवानों के भविष्य को बर्बाद किया जा रहा है। बेरोजगारी को उनका मुकद्दर बनाया जा रहा है। अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति खराब है। किसानों को यूरिया नहीं मिल रहा है, ऐसे जनता के बहुत से मसले हैं। हमारा मानना है कि भाजपा को रोकना दूसरी पार्टियों के बस की बात नहीं है, क्योंकि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2014 में देखा, 2017 में देखा, 2019 में देखा, 2022 में देखा और 2024 में भी देख लिया। इसलिए एक मजबूत विकल्प के रूप में हमारा यह गठबंधन आगे बढ़ रहा है। हमें पूरी उम्मीद है और हम पूरी मेहनत भी करेंगे कि हम अपने राजनीतिक उद्देश्यों में कामयाबी हासिल कर सकें।

ओवैसी ने कहा कि जहां तक मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर आजाद की बात है, उन्होंने भी कहा है कि यदि कोई अन्य पार्टी इस गठबंधन में शामिल होना चाहती है, चाहे वह इंडी गठबंधन में हो या कहीं और, तो उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि यदि वे अपना राजनीतिक नुकसान सहन करने के लिए तैयार हैं, तो हमारे साथ आ जाएं, ताकि उत्तर प्रदेश में जो नाइंसाफी चल रही है, उसे मिलकर रोका जा सके।