मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari मंदसौर जिले के गरोठ पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया। केंद्रीय मंत्री राजस्थान से मध्यप्रदेश तक एक्सप्रेस-वे की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मंदसौर पहुंचे हैं।


गरोठ स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रेस्ट एरिया में केंद्रीय मंत्री का रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। इस दौरान वे National Highways Authority of India (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ एक्सप्रेस-वे से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, निर्माण कार्यों और संचालन संबंधी पहलुओं की समीक्षा करेंगे।


फिलहाल केंद्रीय मंत्री बंद कमरे में एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं, जिसमें परियोजना की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात सुविधाओं तथा शेष कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है। अधिकारियों से आवश्यक दिशा-निर्देश लेने के बाद मंत्री एक्सप्रेस-वे के विभिन्न हिस्सों का भी निरीक्षण करेंगे। यह दौरा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।