सतना, अंबिका केशरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामतानाथ (कामदगिरि) की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पवित्र कामदगिरि परिक्रमा संपन्न की। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री सुबह करीब 7:10 बजे बरहा हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद लगभग 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा पर निकले।


परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साधु-संतों एवं सुरक्षा अधिकारियों के साथ पैदल चलते रहे। इस दौरान उन्होंने मार्ग में बंदरों को चना भी खिलाया। मुख्यमंत्री के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा मार्ग पर उमड़े। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जबकि पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे।


मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए परिक्रमा मार्ग और मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। कामदगिरि की परिक्रमा पूर्ण करने के बाद मुख्यमंत्री का बांदा के लिए रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित है। उनके चित्रकूट प्रवास को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।