अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत जिला मैहर की अमरपाटन नगर इकाई द्वारा कन्या विद्यालय एवं तक्षशिला विद्यालय, अमरपाटन में "स्वामी विवेकानंद जी के विचार एवं व्यक्तित्व" विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वामी विवेकानंद के राष्ट्रचिंतन, चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास तथा युवा जागरण से जुड़े प्रेरणादायी विचारों को अपने लेखन के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रभावना, सकारात्मक चिंतन, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।


कार्यक्रम का नेतृत्व एबीवीपी नगर मंत्री उत्कर्ष तिवारी ने अपनी टीम के साथ किया। उनके नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल संचालन हुआ। आयोजकों ने बताया कि स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।