भिंड,अक्षय जोशी। प्रदेश सरकार के "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत भिंड सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर की हाउसिंग कॉलोनी स्थित कोचिंग हब में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में टीआई मुकेश शाक्य एवं एसआई अमित सिकरवार ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराधों तथा साइबर अपराधियों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से पहले पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।


इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों एवं आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कोचिंग संचालक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।