दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के मगरोंन थाना क्षेत्र के मगरोंन गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां एक चाचा ने अपने ही रिश्ते के भतीजे पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल-112 की मदद से तत्काल बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घायल की पहचान शैलेंद्र सिंह राजपूत के रूप में हुई है। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया।
घायल की मां सियारानी ने आरोप लगाया है कि उनके देवर बबलू सिंह शराब के नशे में आए दिन विवाद करते हैं। उनका कहना है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए तलवार से हमला कर उनके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मगरोंन थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




