जबलपुर, अनुराग शुक्ला। शहर में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीले इंजेक्शनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच एवं थाना हनुमानताल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 125 नग नशीले इंजेक्शन, 430 ग्राम गांजा तथा 18 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को राजराजेश्वरी माता मंदिर के आगे सड़क पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे और पास की कुलिया में घुस गए। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम साहिल सोनकर (23) एवं सावन सोनकर (21) निवासी साहू मोहल्ला, प्रेमसागर थाना हनुमानताल बताए।
तलाशी के दौरान आरोपी साहिल सोनकर के पास से बुप्रेनॉर्फीन, प्लाजेसिक एवं एविल सहित कुल 125 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। साथ ही इंजेक्शन बिक्री से संबंधित 18 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शीतला माई क्षेत्र निवासी सिद्धार्थ शर्मा से इंजेक्शन खरीदकर नशा करने वालों को 300 रुपये प्रति सेट के हिसाब से बेचता था।
वहीं दूसरे आरोपी सावन सोनकर के कब्जे से 20 पुड़ियों में रखा 430 ग्राम गांजा एवं एक बटनदार चायना चाकू बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने जीजा ऋषि सोनकर निवासी ब्योहार बाग से गांजा खरीदकर लाता था और 300 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सगे भाई हैं और अवैध रूप से नशीले इंजेक्शन एवं गांजा बेचकर लाभ कमा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, ड्रग कंट्रोल अधिनियम, औषधि प्रसाधन अधिनियम, बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह सहित थाना हनुमानताल एवं प्रेमसागर चौकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

